Top News

ग्रामीण कबड्डी खिलाड़ियों की प्रतिभा परखने पहुंचे बड़े पदाधिकारी


ग्रामीण कबड्डी खिलाड़ियों की प्रतिभा परखने पहुंचे बड़े पदाधिकारी

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र में कबड्डी वाले गांव के नाम से मशहूर शमशाबाद में शुक्रवार को ग्रामीण खिलाड़ियों की प्रतिभा परखने आजमगढ़ व मऊ कबड्डी संघ के तीन बड़े पदाधिकारियों का आगमन हुआ। उन्होंने यहां परंपरा से खेलने वाले कबड्डी खिलाड़ियों द्वारा विकसित किए जा रहे नये खेल मैदान का निरीक्षण किया एवं खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखा। साथ ही उन्हें खेल की बारीकियों और तकनीकि से अवगत कराते हुए उनके खेल कौशल में विकास हेतु सहयोग का वादा किया।

बता दें कि तहसील क्षेत्र में कबड्डी को बढ़ावा देने और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए मऊ जिला कबड्डी संघ के सचिव व प्रो कबड्डी के चयनित रेफरी अवनीश कुमार राय, जिला कबड्डी संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष डाक्टर एहसान तथा आजमगढ़ के सचिव व ख्यातिप्राप्त प्रशिक्षक माया प्रसाद राय ने क्षेत्र के शमशाबाद गांव में विकसित हो रहे खेल मैदान का उद्घाटन किया। उन्होंने क्षेत्र के उदीयमान कबड्डी खिलाड़ियों की क्षमता और और क्षेत्र में कबड्डी की सुविधा के बारे में जानकारी प्राप्त किया। माया प्रसाद राय ने जहां खिलाड़ियों को कई तकनीकि एवं दाव-पेंच की बारीकियां सिखाई, वहीं अवनीश कुमार राय व डाक्टर एहसान ने उन्हें बड़ा खिलाड़ी बनने का गुर बताया। 

इसके पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रशिक्षक कालिका प्रसाद उर्फ लालू गोंड़, करहां जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि पासी, पूर्व खिलाड़ी सुरेंद्र सरोज व अब्दुल कादिर जिलानी ने पदाधिकारियों का बैज अलंकरण व अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। आजमगढ़ कबड्डी संघ के सचिव माया प्रसाद राय ने अपने संबोधन में कहा कि जानकारी मिली है कि इस क्षेत्र में कबड्डी के कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनको अगर सही तरीके से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाए तो वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। पदाधिकारीयों ने क्षेत्र के कुछ खिलाड़ियों  की टीम बनाकर प्रतियोगिता भी कराया।

अवनीश कुमार राय ने स्तरीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को परखा और उन्हें हर तरह की सुविधा और प्रशिक्षण देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण खिलाड़ियों की प्रतिभा और हुनर को सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की जरुरत है। इसके लिए मऊ और आजमगढ़ कबड्डी संघ हर संभव प्रयास करेगा।

इस अवसर पर कबड्डी प्रशिक्षक कालिका प्रसाद उर्फ लालू गोंड़, अभिषेक तिवारी, गौरव प्रताप उर्फ राजा यादव, हरिवंश वैरागी, नन्हक यादव, गुलशन सरोज, रुद्र प्रताप शर्मा, आकाश कुमार आदि दर्जनों उदीयमान खिलाड़ी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post