खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों के साथ की समीक्षा बैठक
करहां (मऊ) : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खंड शिक्षा अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना ओमप्रकाश तिवारी द्वारा शनिवार को पब्लिक बालिका शहर पीजी कालेज बरामदपुर में ब्लाक के समस्त प्रधानाध्यापकों की एक आवश्यक मासिक समीक्षा बैठक ली गई। इसमें उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विद्यालयवार संचालन स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में जहां योजनाओं का क्रियान्वयन सही ढंग से हो रहा है, ऐसे प्रधानाध्यापकों की प्रशंसा की गई एवं जहां पर कुछ लापरवाही बरती जा रही है, ऐसे प्रधानाध्यापक को कड़ाई के साथ सचेत भी किया गया। साथ ही यथाशीघ्र सुधार करने के लिए निर्देशित किया गया।
सभी शिक्षकों को समय से विद्यालय में उपस्थित होने एवं समय से छुट्टी के साथ बच्चों को नियमित गिनती-पहाड़ों का लगातार अभ्यास तथा आलेख व सुलेख की प्रक्रिया प्रतिदिन कराने को कहा गया। कहा गया कि प्रतिदिन संबंधित विषय के अध्यापक द्वारा उसका मूल्यांकन करते हुए बच्चों की कमियों को सुधारने का भी प्रयास करना है।
बीईओ ने बैठक में शिक्षकों द्वारा नियमित रुप से डायरी जरुर भरने के प्रति निर्देशित किया। कहा कि बच्चों की 80% उपस्थिति के लिए सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, प्रधानाध्यापक के साथ कक्षाध्यापक विशेष रूप से प्रयास करें।बस्वच्छता पुरस्कार का प्रपत्र अभी भी जो लोग नहीं भरे हैं, वह आवेदन कर दें। समय-सारणी का नियमित प्रयोग अनिवार्य रूप से होना चाहिए।
हमारे शिक्षक का परिचयात्मक बोर्ड सभी का एक साथ कार्यालय व कैंपस में अवश्य लगा हो। अंततः सभी प्रधानाध्यापकों से नामांकन, उपस्थिति तथा गुणवत्ता बढ़ाने के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा उनकी अलग-अलग राय पूछी गई।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजेश कुमार, धनंजय सिंह, स्वतंत्र श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, शशिभूषण राय, प्रेम शंकर तिवारी, वंशराज प्रसाद, जगदीश यादव, प्रमोद यादव, चंद्रशेखर मौर्य, प्रतिमा राय, विमला सिंह, उषा देवी सहित दर्जनों लोग आदि उपस्थित रहे।


Post a Comment