पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों व नवाचारों से बनाई प्रदेश में पहचान
करहां (मऊ) : मऊ जनपद के शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट विद्यालय माहपुर के सहायक अध्यापक राजीव मौर्य ने अपनी बेहतरीन पठन-पाठन शैली, शैक्षणिक गतिविधियों एवं नवाचारों से प्रदेश में एक सम्मानजनक स्थान बनाया है। 2015 से विज्ञान विषय के अध्यापन से जुड़े राजीव मौर्य ने 5 वर्ष 6 माह बलिया जिले के शिक्षा क्षेत्र रेवती के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय गायघाट में शिक्षा की अलख जगाई। वहां उन्हें राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान प्रयागराज द्वारा राज्य स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में 16 फिट लंबा चंद्रयान बनाने हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अलावा मुजफ्फरनगर शिक्षक गौरव सम्मान, जिला स्तर पर टीएलएम, विज्ञान प्रश्नोत्तरी व बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा अनेक पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।
2021 में स्थानांतरित होकर कंपोजिट विद्यालय माहपुर आने के बाद उन्होंने यहां शिक्षा व नवाचारों के द्वारा क्रांतिकारी पतिवर्तन लाया। यहां उन्होंने पठन-पाठन का स्तर ऊंचा करने के साथ चिल्ड्रेन बैंक आफ माहपुर, मासिक पुरस्कार उपस्थिति योजना, स्टार स्टूडेंट आफ द मंथ व स्टूडेंट अटेंडेंस बोर्ड, शनिवार मस्ती की पाठशाला नामक पांच नवाचार शुरु किया। इसकी वजह से बच्चों की संख्या, उपस्थिति, परीक्षाफल, बचत की भावना व अनेक कौशल से उन्हें परिपूर्ण करने में सफलता प्राप्त हुई है। उपस्थिति बढ़ाने के लिए फोटो लगाने का जो नवाचार पिछले सप्ताह विभाग ने शुरु किया उसे राजीव मौर्य अपने विद्यालय में पिछले पांच महीने पहले से ही चला रहे हैं। अब तक शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए 53 बच्चों का फोटो वह विभिन्न कक्षाओं में लगा चुके हैं। इससे बच्चों के अंदर रोज समय से विद्यालय आकर पढ़ने के प्रति जागरुकता बढ़ी है।
इसके अलावा समय-समय पर सामान्य ज्ञान, पेंटिग, मेंहदी, वाद-विवाद, आर्ट एंड क्राफ्ट, रंगोली, निबंध, खेल-कूद, शैक्षणिक अधिगम सामग्री प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। विभिन्न महत्वपूर्ण दिवस पर भी कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उसके महत्व के बारे में बताया जाता है।
चिल्ड्रेन बैंक की किया स्थापना..
राजीव मौर्य ने अगस्त 2024 में चिल्ड्रेन बैंक की स्थापना किया। इसके माध्यम से महीने में 80 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों के जेब खर्च से बचत के तौर पर रोज न्यूनतम 2 रुपये से अधिकतम 10 रुपये जमा कराए जाते हैं। महीने के अंत में विद्यालय उनकी राशि 5 प्रतिशत ब्याज के साथ वापस करता है।
स्टार स्टूडेंट आफ द मंथ..
बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए राजीव मौर्य ने अप्रैल 2025 से यह योजना शुरु की है। इसमें महीने में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों की 1.5×2 फिट के आकार की उनकी फोटो उन्ही की कक्षा में लगाया जाता है। जिससे अन्य बच्चे रोजाना स्कूल आने के लिए प्रेरित हों।
स्टूडेंट अटेंडेंस बोर्ड..
इस नवाचार के अंतर्गत प्रत्येक कक्षा में एक उपस्थिति बोर्ड लगाया गया है, जिसमें सभी पढ़ने वाले विद्यार्थियों का नाम अंकित है। उपस्थित बच्चों के नाम के आगे रोजान हरा फूल एवं अनुपस्थित बच्चों के नाम के आगे लाल फूल लगाकर उन्हें प्रोत्साहित किया जाता है। इसका संचालन कक्षा प्रमुख बच्चे के द्वारा किया जाता है।
मासिक पुरस्कार योजना..
इस नवाचार के तहत मासिक परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले एवं सभी कार्यदिवसों में एक अवकाश छोड़कर सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाता है।
इस नवाचार के तहत प्रत्येक शनिवार को खेल-खेल में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां कराई जाती हैं। यह सारी खेल व मस्ती की गतिविधियां विज्ञान, गणित, मनोविज्ञान व मानसिक दक्षता पर आधारित होती हैं।
इस संबंध में प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी ने बताया कि राजीव मौर्य की शिक्षा के प्रति अभिरुचि, नवाचारों तथा अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के अनवरत प्रयासों से हमारा विद्यालय लगातार प्रगति कर रहा है। विद्यालय में पठन-पाठन का माहौल सकारात्मक बनाने में सबके सहयोग के प्रति मैं कृतज्ञ हूं।
















Post a Comment