Top News

भरत मनावन एवं अखाड़ा जुलूस में उमड़े नगरवासी

भरत मनावन एवं अखाड़ा जुलूस में उमड़े नगरवासी

करहा (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना स्थित श्री दशहरा रामलीला समिति के तत्वावधान में शनिवार को चौक, शंकर तिराहा व वासुदेव सर्राफ के सामने भरत मनावन एवं अखाड़ा जुलूस शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में पारंपरिक अखाड़ों की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर स्वागत किया।

इस अवसर पर मंचित प्रसंग में राम, लक्ष्मण और सीता को वनवास से लौटने के लिए भरत द्वारा किए गए आग्रह का मार्मिक दृश्य प्रस्तुत किया गया। भरत ने प्रभु श्रीराम से अयोध्या लौटने की विनती की, किंतु श्रीराम ने पिता के वचनों की मर्यादा निभाने का संकल्प दोहराया। इस प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें नम कर दीं और पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होती हुई नगर के प्रमुख चौराहों पर पहुंची, जहां अखाड़े के कलाकारों ने साहसिक करतब दिखाकर तालियां बटोरीं। विभिन्न धार्मिक झांकियों और गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।

रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि दशहरा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिवर्ष भव्य अखाड़ा जुलूस निकाला जाता है, जिसमें नगरवासी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। इस दौरान सीओ एसपी पांडेय, कोतवाल केके वर्मा सहित भारी मात्रा में पुलिस फोर्स मौजूद रही। इस अवसर पर संरक्षक लालजी वर्मा, समिति के अध्यक्ष छोटू प्रसाद, महामंत्री रामशरन चौहान, ठाकुर प्रसाद सिंह, जनार्दन शर्मा सहित सैकड़ो श्रद्धालु नगर वासी उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post