बनियापार में भव्य लंका दहन का हुआ मंचन
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना श्री दशहरा रामलीला समिति के तत्वावधान में बुधवार की शाम बनियापार रामलीला मंच पर लंका दहन का ऐतिहासिक प्रसंग मंचित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अशोक वाटिका में माता सीता से हनुमान जी की भेंट से हुआ। तत्पश्चात पवनपुत्र हनुमान द्वारा अशोक वाटिका ध्वस्त करने, रावण पुत्र अक्षयकुमार वध तथा मेघनाथ द्वारा ब्रह्मास्त्र चलाकर हनुमानजी को बंदी बनाने का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया। अंत में हनुमान जी द्वारा बंधन मुक्त होकर लंका दहन करने का दृश्य मंचन का मुख्य आकर्षण रहा।
इस अवसर पर स्टेशन रोड से होते हुए शोभायात्रा निकालकर बनियापार पार्क मेला स्थल तक कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। समिति के अध्यक्ष छोटू प्रसाद, महामंत्री रामसरन चौहान, राजेश पायलट, राजीव सेठ, राम अवध पुजारी, अभिषेक पाल, बृजेश सोनकर सहित अनेक श्रद्धालु व धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।


Post a Comment