सौसरवां कमालुद्दीनपुर के मेले में अंगद-रावण संवाद व लक्ष्मण शक्ति का किया गया मंचन
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के सौसरवां कमालुद्दीनपुर में चल रही 81 वर्षो पुरानी व ऐतिहासिक रामलीला में मंगलवार को लगे भव्य मेले में अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति जैसे रोमांचक प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। पौराणिक संवाद, युद्ध दृश्य और लक्ष्मण को शक्ति बाण लगने पर भगवान राम के विलाप व भावनात्मक अभिनय से पूरा वातावरण द्रवित हो गया।
मंचन में राम की भूमिका शिवम पांडेय, लक्ष्मण आयुष पांडेय, हनुमान राजेश पांडेय, अंगद प्रदीप पांडेय, रावण की भूमिका में आशुतोष पांडेय और मेघनाद की भूमिका में भूपेंद्र पांडेय ने जोरदार अभिनय किया। सभी कलाकारों ने अपने दमदार संवादों और भावपूर्ण अदायगी से दर्शकों का दिल जीत लिया। अंगद-रावण संवाद के प्रसंग में जब वीर अंगद ने रावण के दरबार में चरण गाड़कर उसकी अहंकार पर चोट की, तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से परिसए गुंजायमान कर दिया। वहीं लक्ष्मण शक्ति दृश्य में लक्ष्मण के मूर्छित होने, राम के विलाप करने और हनुमान के संजीवनी लाने के प्रसंग ने सभी को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भारी भीड़ रही। धार्मिक संगीत और प्रकाश व्यवस्था ने मंचन की भव्यता को और बढ़ा दिया। आयोजक व समिति के अध्यक्ष बृजबिहारी सिंह ने बताया कि रामलीला की अगली कड़ी में बुधवार को राम का राज्याभिषेक व समय चक्र नामक नाटक का मंचन किया जाएगा।





Post a Comment