Top News

अगलगी के पांच दिन बाद भी नहीं पहुंची सहायता, समाजसेवी ने लिया पीड़ित परिवार का हालचाल

अगलगी के पांच दिन बाद भी नहीं पहुंची सहायता, समाजसेवी ने लिया पीड़ित परिवार का हालचाल

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के ओटनी गांव की चौहान बस्ती में पांच दिन पूर्व लगी आग से एक गरीब परिवार की गृहस्थी तबाह हो गई। हादसे में दो भैंस झुलस गईं, जबकि गृहस्वामी हरिलाल चौहान व उनकी पत्नी मालती देवी भी गंभीर रुप से झुलस गई। अनाज, सरसों व ईंधन समेत कटरैन का थोड़ा हिस्सा जल गया। पीड़ित परिवार के अनुसार घटना के बाद अब तक प्रशासनिक या चिकित्सकीय सहायता नहीं मिली और न ही कोई राजस्वकर्मी व पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे।

पीड़ित परिवार ने बताया कि मंगलवार की देर शाम पशुओं वाले कटरैन में मच्छरों से बचाव के लिए धुआं सुलगाकर वे लोग खाना खाकर सो गए थे। बुधवार रात करीब 1:30 बजे अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। परिवार के लोग बदहवास होकर आग बुझाने और मवेशियों को बचाने में जुट गए, लेकिन तब तक दो भैंस बुरी तरह झुलस चुकी थीं। आग की तेज गर्मी से कटरैन का कुछ हिस्सा भी टूटकर गिर गया और पूरा हिस्सा धुएं व कालिख से काला पड़ गया।

रविवार को देवघर से लौटने के बाद घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी विक्की वर्मा सहयोगियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए फोन से लेखपाल को घटना की जानकारी दी और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता, उपचार और पशुओं के इलाज की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है। इस संबंध में करहां राजकीय पशु चिकित्सालय के पशु चिकित्साधिकारी डा. कन्हैया प्रसाद ने कहा कि इसकी जानकारी नहीं थी। सुबह जले हुए पशुओं को अवश्य चिकित्सकीय सहायता पहुंचाई जाएगी। एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने भी राजस्वकर्मी को निर्देशित करने का भरोसा दिया है।



Post a Comment

Previous Post Next Post