Top News

ईश्वर व पूर्वजों के आशीर्वाद से मिलता है श्रीमद्भागवत कथा का सौभाग्य : पं. गया प्रसाद पाठक

ईश्वर व पूर्वजों के आशीर्वाद से मिलता है श्रीमद्भागवत कथा का सौभाग्य : पं. गया प्रसाद पाठक

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां गांव में जारी श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को मंडप प्रवेश, वेदी पूजन व समिधा निवेदन का कार्यक्रम श्रद्धा व भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। संध्या कथा वाचन के दौरान कथावाचक ज्योतिषाचार्य पंडित गया प्रसाद पाठक ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण तभी संभव होता है, जब मनुष्य को ईश्वर और पूर्वजों का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हो। यह सौभाग्य केवल पुण्यात्माओं को ही मिलता है।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन और श्रवण, दोनों ही आत्मा के कल्याण का माध्यम हैं। यह कथा न केवल वर्तमान जीवन को पवित्र करती है, बल्कि 21 पीढ़ियों तक के पितरों को भी शांति प्रदान करती है। ऐसे आयोजनों में शामिल होना आत्मिक उत्थान का दुर्लभ अवसर है। पं. पाठक ने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि देव और पितृ कार्यों में कभी प्रमाद नहीं करना चाहिए, क्योंकि यही सच्चे धर्म का आधार है।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति इस कथा का आयोजन करता है या श्रद्धा से श्रवण करता है, वह निश्चित रूप से मोक्ष का अधिकारी बनता है। श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से भक्त भगवान श्रीकृष्ण की लीला कथा का रसास्वादन करते हैं और अपने जीवन को धन्य बनाते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में सपत्निक पद्मिनी व सुधीर सिंह, रेनू देवी, वासुदेव मौर्य, गीता देवी, राहुल सिंह, रामधनी प्रजापति, दुर्गा देवी, रोशन तिवारी, अजय सिंह व सैलाबी देवी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान कथा स्थल पर भक्ति व श्रद्धा का वातावरण बना रहा।



Post a Comment

Previous Post Next Post