सुपर हीरो ऑफ द डे नवाचार बना आकर्षण का केंद्र, बच्चों में बढ़ी प्रतिस्पर्धा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय माहपुर में लागू किए गए शिक्षण नवाचार ‘सुपर हीरो ऑफ द डे’ ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह पैदा कर दिया है। कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर तैयार इस गतिविधि में बच्चे पूरे मनोयोग से भाग ले रहे हैं। विद्यालय परिवार का मानना है कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों में ज्ञान, तर्क क्षमता तथा भाषा अभिव्यक्ति के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी विकसित करती हैं।
प्रार्थना सभा के दौरान शिक्षक प्रतिदिन सामान्य ज्ञान, विज्ञान और सम-सामयिक घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछते हैं। अधिकतम सही उत्तर देने वाले बच्चे को उस दिन के लिए ‘सुपर हीरो ऑफ द डे’ की उपाधि दी जाती है। विद्यालय परिसर में लगे विशेष बोर्ड पर चयनित बच्चे का नाम पूरे दिन के लिए प्रदर्शित किया जाता है, जिससे उनमें आत्मविश्वास और गौरव की भावना बढ़ती है।
बच्चों में इस नवाचार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई विद्यार्थी घर से ही प्रश्नों की तैयारी कर आते हैं ताकि वे सुपर हीरो का खिताब जीत सकें। प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में लगातार नवाचार आधारित गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। यह पहल विद्यालय के कुल सात प्रमुख नवाचारों में से एक है, जिसके कारण कम्पोजिट विद्यालय माहपुर क्षेत्र में नवाचारों के विद्यालय के रूप में चर्चित हो चुका है। इस मौके पर राजीव मौर्य पर नीलम दूबे, अभिषेक सरोज, नीलिमा यादव, गौतम विश्वकर्मा, हेमंत पांडेय, शहज़ादी बानो तथा रसोइया माँ उपस्थित रहीं।

Post a Comment