Top News

बीईओ ने की ब्लाक स्तरीय समीक्षा, एसआईआर, निपुण आकलन व अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों पर विशेष जोर

बीईओ ने की ब्लाक स्तरीय समीक्षा, एसआईआर, निपुण आकलन व अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारियों पर विशेष जोर

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश तिवारी ने शुक्रवार सायंकाल पब्लिक बालिका शहर महिला डिग्री कालेज, बरामदपुर में ब्लाक के सभी प्रधानाध्यापकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की शुरुआत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एसआईआर कार्य से जुड़े बीएलओ एवं संबंधित प्रधानाध्यापकों से अद्यतन प्रगति रिपोर्ट लेने से हुई। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन सम्बन्धी दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए सभी शिक्षक पूर्ण निष्ठा से सहयोग करें।

बैठक में विभागीय योजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई। आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित निपुण आकलन के लिए बच्चों को शैक्षिक रूप से तैयार करने, तथा मध्यान्ह भोजन योजना के प्रतिदिन आनलाइन अपडेट सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने 28 नवंबर से शुरु होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के पश्चात सभी बच्चों की उत्तर पुस्तिकाओं का समयबद्ध मूल्यांकन किया जाए तथा परीक्षा परिणाम अभिभावक-शिक्षक बैठक में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को अवश्य उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही दिसंबर माह में आयोजित होने वाली बेसिक बाल क्रीड़ा रैली की तैयारी पर भी विस्तार से चर्चा की गई और सभी प्रधानाध्यापकों से जिम्मेदारीपूर्वक तैयारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। बैठक में ब्लाक के सभी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post