खंड शिक्षा अधिकारी ने की व्यापक समीक्षा, निपुण आकलन, एसआईआर व अर्द्धवार्षिक परीक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश तिवारी ने शुक्रवार शाम पब्लिक बालिका शहर महिला डिग्री कॉलेज, बरामदपुर में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में ब्लॉक के सभी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। बैठक में निर्वाचन आयोग से जुड़े एसआईआर कार्य की अद्यतन प्रगति जानने से हुआ। बीईओ ने बीएलओ व संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी ईमानदारी से संपादित किया जाए।
इसके बाद विभागीय योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। आगामी दिसंबर में होने वाले निपुण आकलन के लिए बच्चों की शैक्षिक तैयारी मजबूत करने और मध्यान्ह भोजन योजना के दैनिक ऑनलाइन अपडेट को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने 28 नवंबर से शुरू होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर भी आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए। बीईओ ने कहा कि परीक्षाओं के बाद सभी उत्तर पुस्तिकाओं का समय पर मूल्यांकन किया जाए तथा परिणाम अभिभावक-शिक्षक बैठक के दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों को उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही दिसंबर में प्रस्तावित बेसिक बाल क्रीड़ा रैली की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई और इस आयोजन को प्रभावी व सफल बनाने हेतु सभी प्रधानाध्यापकों को समुचित तैयारी करने के निर्देश दिए गए।

Post a Comment