Top News

विद्याज्ञान परीक्षा में करहां की पल्लवी ने लहराया परचम, दी गई बधाई

विद्याज्ञान परीक्षा में करहां की पल्लवी ने लहराया परचम, दी गई बधाई

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय करहां की मेधावी छात्रा पल्लवी पुत्री प्रेमचंद ने प्रतिष्ठित विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। परिणाम जारी होते ही विद्यालय में हर्ष का वातावरण बन गया और पल्लवी का माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका विमला सिंह ने पल्लवी को आशीर्वाद देते हुए बताया कि विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए एक स्वर्णिम अवसर है। इसमें वही बच्चे पात्र होते हैं जो आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों से आते हैं और पढ़ाई में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। यह परीक्षा मेरिट के आधार पर आयोजित की जाती है, जिसमें गणित, भाषा ज्ञान और तर्कशक्ति जैसे विषयों की जांच की जाती है। चयनित बच्चों को कक्षा 6 से 12 तक पूरी तरह निश्शुल्क आवासीय शिक्षा, भोजन, यूनिफार्म, पुस्तकें, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण मिलता है। हमारी छात्रा पल्लवी की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

बधाई देने वालों में प्रमुख रुप से ग्राम प्रधान पूनम जायसवाल, समाजसेवी नागेंद्र सिंह, श्यामबिहारी जायसवाल, सद्दाम अंसारी, विद्यालय के स्टाफ कात्यायनी, अंजनी कुमार यादव, सोनी वर्मा पूर्णिमा सिंह आदि थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पल्लवी की सफलता अन्य बच्चों को भी प्रेरित करेगी और आने वाले वर्षों में क्षेत्र से और अधिक प्रतिभाएं विद्याज्ञान जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयनित होंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post