बेसहारा विधवा महिला के घर से नकदी व पायल चोरी
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत करहां गांव निवासिनी एक बेसहारा व विधवा महिला के घर में रविवार की रात चोरी हो गई। जिसमें महिला के अनुसार चांदी की पायल व आवास निर्माण हेतु रखा 10 हजार रुपया चोर निकाल ले गए। सुबह जानकारी होने के बाद डायल 112 पुलिस बल को मौके पर बुलाकर मुआयना कराया गया एवं कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आवश्यक जांच-पड़ताल व खोजबीन में लगी है। महिला की तरफ से पुलिस को लिखित तहरीर देकर आवश्यक कार्यवाही की मांग की गई है।
गांव निवासिनी लक्ष्मीना देवी के पति स्वर्गीय मोती मद्धेशिया 20 वर्ष पहले दिवंगत हो चुके हैं। उक्त बेसहारा महिला दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा व बर्तन मांजकर गुजर बसर करती है और पुराने पुस्तैनी व जर्ज़र मकान में रहती है। वर्तमान समय में वह घर के पीछे मिले प्रधानमंत्री आवास का निर्माण करा रही है।
रविवार रात वह अपनी सुमन मद्धेशिया नामक विवाहिता पुत्री के साथ पड़ोस में आयोजित एक तेरही के कार्यक्रम में शामिल थी। इसी बीच मौका पाकर अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। सुबह होने पर घर मे रखे बक्से को खुला देख और गिट्टी के लिए रखे 10 हजार रुपये व चांदी की पायल गायब देख मां-बेटी बिलख-बिलख कर रोने लगी, तो आसपास के लोंगो को जानकारी हुई।



Post a Comment