Top News

जूनियर विद्यालय मालव के 11 नन्हे नयनों को मिला नया उजाला

जूनियर विद्यालय मालव के 11 नन्हे नयनों को मिला नया उजाला

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। मंगलवार का दिन उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव के आंगन में उम्मीद की धूप लेकर आया। जिन नन्ही आंखों में धुंधली होती दुनिया बसती थी, आज उन्हें देखने की नई राह मिल गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना के नेत्र परीक्षक अधिकारी शमीम अहमद अंसारी और विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह के हाथों 11 बच्चों को दृष्टि दोष निवारण हेतु चश्मे प्रदान किए गए।

जब बच्चों की आंखों पर चश्मे सजे, तो चेहरों पर मुस्कान खिल उठी। अब किताबों के अक्षर साफ दिखेंगे, स्लेट पर लिखे सपने और भी करीब होंगे। पढ़ाई की राह आसान होने की खुशी बच्चों की आंखों से झलक रही थी।

प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर लगाकर बच्चों की जांच कराई गई थी, जिसमें इन बच्चों में नेत्र दृष्टि दोष पाया गया। उसी जांच के आधार पर आज यह चश्मे उपलब्ध कराए गए। उन्होंने नेत्र परीक्षक अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि यहां साधारण परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं, जिनके स्वास्थ्य पर अक्सर समुचित ध्यान नहीं दिया जा पाता। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post