वृद्धाश्रम में गूंजी किलकारी, बिटिया के जन्मदिन पर राहुल सिंह ने पेश की इंसानियत की मिसाल
करहां (मऊ) : आज की चकाचौंध भरी दुनिया में जब खुशियां महंगे होटलों और फार्महाउसों तक सिमटती जा रही हैं, ऐसे दौर में निराश्रित बुजुर्गों के वृद्धाश्रम में इंसानियत को सहेजने वाली एक मिसाल सामने आई है। करहां निवासी युवा समाजसेवी निवासी राहुल सिंह व उनकी धर्मपत्नी रोली सिंह ने अपनी बिटिया रावी सिंह का जन्मदिन वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ मनाकर समाज को एक नया संदेश दिया।
बिटिया के जन्मोत्सव पर राहुल सिंह ने न केवल केक काटा, बल्कि आश्रम में रह रहे बेसहारा बुजुर्गों को अपने हाथों से भोजन कराया और दान-पुण्य कर उनका आशीर्वाद लिया। वर्षों से अपनों की बाट जोह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर इस अवसर पर खुशी साफ झलक रही थी। किसी की आंखों में आंसू थे तो किसी के चेहरे पर सुकून भरी मुस्कान।
इस अवसर पर नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना के चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, आरएसएस के खंड कार्यवाह धर्मेंद्र सिंह, एवन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आनंद कुमार गुप्ता, शिक्षक राजीव मौर्य, पत्रकार कुणाल सिंह अंकित, अधिवक्ता अनुराग श्रीवास्तव सन्नी, शिवेश सिंह चिंटू, भौकाल न्यूज के रिपोर्टर राहुल मद्धेशिया, माता रेनू सिंह, शिवा सिंह, रमन कुमार छोटू सहित अनेक सहयोगी, क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक व स्नेही-स्वजन मौजूद रहे।
सभी ने बिटिया रानी को आशीर्वाद दिया और राहुल सिंह के इस कदम की मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों ने बताया कि पहली बार किसी ने पारिवारिक खुशी को समाज के उपेक्षित वर्ग के साथ साझा कर ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह आयोजन न केवल एक जन्मदिन का उत्सव था, बल्कि समाज को यह संदेश भी था कि खुशियां बांटने से ही बढ़ती हैं।
राहुल सिंह की इस पहल की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है। सोशल मीडिया से लेकर चौपालों तक लोग उनके इस कार्य को इंसानियत की सच्ची तस्वीर बता रहे हैं। सचमुच, वृद्धाश्रम में गूंजी यह किलकारी समाज के लिए एक प्रेरक संदेश बनकर उभरी है।






Post a Comment