क्रिकेट के उद्घाटन मुकाबले में सुल्तानीपुर ने चिरैयाकोट को 65 रनों से हराया
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के हीरापुर सुल्तानीपुर गांव में मंगलवार को विशाल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन मैच में अजय इलेवन सुल्तानीपुर ने खूनी क्लब चिरैयाकोट को 65 रनों से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन राष्ट्रीय योगी वाहिनी के प्रदेश प्रचारक जयश्री सिंह एवं श्रेयांश सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना और आपसी भाईचारे के साथ खेलने की अपील की। पहले मुकाबले में टास जीतकर निर्धारित ओवरों में सुल्तानीपुर की टीम ने एक विकेट पर 110 रन बनाए। जवाब में चिरैयाकोट की टीम दबाव में आकर 45 रनों पर सिमट गई।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में रासेपुर, चंडेश्वर, करहां, भुजहीं, शमशाबाद, फतेहपुर, रानीपुर, सुहवल, बिरनो, मंदे व जहानागंज सहित कई गांवों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 13 जनवरी से शुरू होकर 14 जनवरी को फाइनल मैच के साथ समाप्त होगी। आयोजन को सफल बनाने में राजेश यादव, राजू राणा, विशाल, अंगद, अजय, गोलू, विपिन, अमित, रवि राजभर सहित अन्य का सहयोग रहा। बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।



Post a Comment