पाक्सो एक्ट से संबंधित अभियुक्त गिरफ्तार, भेंजा कोर्ट
करहां (मऊ) : रानीपुर पुलिस ने पाक्सो एक्ट से संबंधित एक मामले में नामजद अभियुक्त को मंगलवार की रात गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए हिरासत में लेकर बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
रानीपुर पुलिस ने बताया कि दो दिन पूर्व थाना रानीपुर पर पंजीकृत पाक्सो एक्ट से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। इस बीच मुखबिर की खास सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम धरमसीपुर पंचायत भवन के सामने नहर पुलिया के पास से अभियुक्त को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम प्रिंस कुमार निवासी काझा खुर्द, थाना सराय लखंसी बताया। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि धरमसीपुर निवासी नाबालिग बालक के साथ गलत कृत्य के मामले में उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके चलते वह गिरफ्तारी के भय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ल एवं कांस्टेबल बहादुर सिंह शामिल रहे।

Post a Comment