दैनिक जागरण के वाचन संग बच्चों ने किया मां सरस्वती का पूजन
प्राथमिक विद्यालय मालव में धूमधाम से मनाया गया बसंतोत्सव
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय मालव में गुरुवार को बसंत पंचमी के पूर्व बसंतोत्सव पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा दैनिक जागरण के वाचन से हुई, जिसके माध्यम से छात्रों को समाचार पढ़ने और समझने की प्रेरणा दी गई। इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने वहां उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिक्षकों ने बच्चों को बसंत पंचमी के महत्व से अवगत कराते हुए शिक्षा, ज्ञान और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार सिंह ने कहा कि बसंत पंचमी ज्ञान, सृजन और नई ऊर्जा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर रामकेर राम, उमेश भारती, राम किशोर राम, छट्ठू प्रसाद गुप्ता, विजेंद्र प्रसाद, मनोज कुमार कुशवाहा, स्वतंत्र कुमार सिंह, फहद अहमद, सुलमति चौहान, आरती सिंह सहित समस्त छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।



Post a Comment