Top News

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक ही दिन में दो दुर्घटनाओं से मची अफरातफरी



 

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक ही दिन में दो दुर्घटनाओं से मची अफरातफरी

सुबह ट्रकों की भिड़ंत, शाम को अनियंत्रित क्रेटा कार डिवाइडर से टकराई

करहां, मऊ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई, जब एक ही दिन में दो अलग-अलग समय पर हुए सड़क हादसों ने यात्रियों में भय का माहौल पैदा कर दिया। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के जमुई गांव के पास स्थित एक्सप्रेसवे के 268 किलोमीटर बिंदु पर सुबह और शाम दोनों समय गंभीर दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें वाहन चालकों को गंभीर चोटें आईं।

सुबह करीब साढ़े आठ बजे आलू और गैस सिलेंडर से लदे दो ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि आलू लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक चालक करीब 46 वर्षीय अरमान पुत्र इमरान निवासी ललवारा गांव, थाना मैनाडीह, जिला मुरादाबाद को बाहर निकाला और एंबुलेंस से आजमगढ़ जिला अस्पताल भेजा। हादसे के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

इसी स्थान के आसपास शाम करीब 6:45 बजे एक और दुर्घटना घटित हुई। लखनऊ से पटना जा रही क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर पहले बीच के डिवाइडर और फिर किनारे लगे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन चालक को सिर में चोट आई, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

लगातार हुई दोनों घटनाओं के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और सुरक्षा टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क को साफ कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय कोहरा और शाम को तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों की आशंका बढ़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से एक्सप्रेसवे पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post