नींद की झपकी बनी हादसे की वजह, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डीसीएम डिवाईडर तोड़ नाले में फंसी
करहां (मऊ) : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को भोर में एक बड़ा हादसा टल गया, जब रानीपुर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन संख्या 278.3 के पास एक डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आ जाने से यह घटना हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान से लहसुन लादकर पटना जा रहा डीसीएम ट्रक जैसे ही रानीपुर ग्रामसभा के समीप पहुंचा, चालक मलखान को झपकी आ गई। इससे वाहन पर से उनका नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे लगी लगभग 100 मीटर लंबी लोहे की रेलिंग तोड़ता हुआ पास के नाले में जा अटका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गनीमत यह रही कि ट्रक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में नहीं पहुंचा, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था। दुर्घटना में चालक मलखान और परिचालक को हल्की चोटें आई हैं और दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए। तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर यातायात को सुरक्षित रुप से संचालित किया गया। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को नाले से बाहर निकालने और मार्ग को सुचार किया गया। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम अवश्य करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


Post a Comment