करहां में धूमधाम से निकली शिवबारात, नगपुर में संपन्न हुआ शिव-पार्वती विवाहोत्सव
करहां (मऊ) : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर करहां बाजार भक्तिरस में सराबोर हो उठा। रविवार सायंकाल शिव मंदिर से भव्य शिवबारात श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। बारात माहपुर, रसूलपुर, जमुई, गद्दोपुर और दरौरा होते हुए नगपुर-महमूदपुर स्थित महामाई एवं काली माता मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से शिव-पार्वती विवाहोत्सव संपन्न कराया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए जलपान, फलाहार और भंडारे की व्यवस्था की गई।
हर वर्ष की भांति इस बार भी शिव मंदिर समिति करहां और दुर्गा-शिव मंदिर समिति माहपुर के संयुक्त तत्वावधान में आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। नगपुर-महमूदपुर की काली माता मंदिर समिति ने बारात का भव्य स्वागत किया। करहां शिव मंदिर से रथ पर विराजमान भगवान शिव को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महिलाओं ने पारंपरिक परछन कर विदा किया।
हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे, ध्वज-पताकाओं और सजीव झांकियों से सुसज्जित बारात आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न रथों पर शिव परिवार, श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण, वीर हनुमान, नंदी महाराज और लक्ष्मी-नारायण की मनोहारी झांकियां प्रस्तुत की गईं। डांडिया नृत्य और शिवगणों की वेशभूषा में सजे कलाकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ‘ॐ नमः पार्वती पतये हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते-नाचते हुए बारात के साथ चलते रहे।
नगपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर बारातियों का अभिनंदन किया। तिलक-चंदन कर मूर्तियों की आरती उतारी गई और सभी के लिए उत्तम जलपान की व्यवस्था रही। कार्यक्रम में तीनों समितियों के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त दिखाई दी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।







Post a Comment