मालव गांव में भीषण आग से झोपड़ी खाक, गरीब परिवार की पूरी गृहस्थी स्वाहा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के मालव गांव में शुक्रवार अपराह्न अज्ञात कारणों से एक गरीब गोंड़ परिवार की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। दोपहर के समय उठी लपटों ने देखते ही देखते पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक झोपड़ी जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी।
गनीमत रही कि आग लगते ही परिवार के सदस्य सतर्क हो गए और समय रहते बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की इस घटना में परिवार की पूरी गृहस्थी स्वाहा हो गई। पीड़ित गृहस्वामी खगेश लाल उर्फ खदेरु गोंड़ ने बताया कि चारपाई, चौकी, चारा काटने की मशीन, साइकिल, अनाज, बर्तन, कपड़े, बिस्तर समेत रोजमर्रा के उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। अचानक आई इस आपदा से परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही करहां क्षेत्र के पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी विक्की वर्मा एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा तत्काल स्थानीय लेखपाल को बुलाकर क्षति का आकलन कराया। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता एवं आवश्यक सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके।




Post a Comment