मजदूरी पर जाते समय 60 वर्षीय मजदूर की अचानक मौत, परिवार पर टूटा संकट
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के गोलवार टोला निवासी 60 वर्षीय मजदूर मुखराम की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। वह रोज की तरह सुबह करीब 07:40 बजे घर से मजदूरी के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े।
बताया जा रहा है कि घर से लगभग पांच किलोमीटर दूर बरडीहा गांव जाने वाले मार्ग पर उनका शव पड़ा मिला। राहगीरों ने जब उन्हें सड़क किनारे अचेत अवस्था में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी के. वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक मुखराम अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार में उनकी पत्नी राज देवी और 20 वर्षीय दत्तक पुत्र हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।


Post a Comment