संस्कार, संस्कृति और सृजन का अनूठा संगम बना कलायन
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के रामनगर खालिसा स्थित बीएसआरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में शनिवार की देर शाम आयोजित वार्षिकोत्सव ‘कलायन’ रंगारंग कार्यक्रमों के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देर रात तक चले इस आयोजन में भारतीय संस्कार, संस्कृति और रचनात्मकता की शानदार झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी एवं टॉपर छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय आईटीआई मऊ के प्राचार्य अरुण कुमार यादव एवं खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्रों ने गणेश वंदना, सरस्वती वंदना और स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नन्हे-मुन्ने बच्चों के समूह नृत्य, स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित प्रस्तुति, अघोरी नृत्य, मातृ-पितृ भक्ति नाटिका, भारत उत्सव, वाद-विवाद प्रतियोगिता, ‘ओल्ड इज गोल्ड-नदिया के पार’, कजरी, घूमर, राजस्थानी व पंजाबी लोकनृत्य तथा देशभक्ति पिरामिड नृत्य ने माहौल को जीवंत बना दिया।
मुख्य अतिथि अरुण कुमार यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने मेधावी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन और परिश्रम का महत्व बताया। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि बच्चों के अंदर अपार प्रतिभा छिपी होती है, जिसे ऐसे मंच निखारने का कार्य करते हैं।
संस्थान के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत बैज, माला, बुके, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया। इस दौरान सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा दिव्या सिंह सहित वार्षिक परीक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों के साथ मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य शबीब रिजवी ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी, आर्यन राय एवं स्वाति सिंह ने किया, जबकि अंत में प्रवीण राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर आरएसएस के जिला प्रचारक आर्यमजी, मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, दोहरीघाट प्रमुख प्रदीप कुमार उर्फ राजू राय, आईटीआई कॉलेजों के प्रबंधक बब्बन यादव, जनार्दन राय एडवोकेट, जयप्रकाश पाल, इशदत्त सिंह, रजनीश राय, सुनील यादव, सूरज सिंह, रामभजन यादव, प्रियंका कुमारी, एटीएम मोहराना, कैलाश यादव, मृत्युंजय, पवन कुमार, राहुल राय, फिजा खातून सहित सैकड़ों विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्रीय नागरिकगण मौजूद रहे।








Post a Comment