बंद सार्वजनिक शौचालय, जर्ज़र पंचायत भवन, गंदगी, बजबजाते नाले व उलझे तारों से दो-चार खैराबाद
•टूटी आरसीसी सड़क, शौचालय के टैंक व खुले नाले से खतरा
•हाईटेंशन तार के खंभों के बीच से गुजरता रास्ता व राहगीर
•मुख्य बाजार के पास के ट्रांसफार्मर में अक्सर होता है फाल्ट
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे व नगर पंचायत से लगे खैराबाद घनी आबादी, तंग गलियों व बुनकर बाहुल्य क्षेत्र है। यहां अनेक समस्याओं से ग्रामवासियों को गुजरना पड़ रहा है। यहां लंबे समय से बने सार्वजिनक शौचालय का ताला कभी नहीं खुलता जबकि उसके टैंक व सामने का ढक्कन भी टूटा हुआ है। इतनी बड़ी आबादी के लिए अबतक एक अदद पंचायत भवन नहीं बना जबकि पुराना पंचायत भवन बेहद जर्ज़र है।
इमाम साहब के पोखरे से लेकर खैराबाद, बनियापार व अतरारी सरहद की तरफ जाने वाले नाला जाम हैं और गंदगी तथा खर-पतवार के कारण बजबजा रहा है। इनपर पटिया या ढलाई के अभाव के कारण नाला खुला है, जिससे आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूरे ग्राम पंचायत में खंभों पर तारों, केबिल आदि का मकड़जाल बना हुआ है और संकरी गलियों से बांस की फट्टीयां लगे नंगे तार भी गुजरे हैं।
मुहल्लों के बीचोबीच कूड़े-कचरे का अंबार है जहां पशु पहुंचकर और अधिक गंदगी मचा रहे हैं। कब्रिस्तान के पास की नई बनी आरसीसी सड़क क़ई जगह फट गई है और एक जगह जानलेवा होल बन चुका है। अनेक बुजुर्ग पेंशन, आयुष्मान कार्ड व सरकारी सुविधाओं से जहां वंचित हैं, वहीं ग्रामदेवता डीह स्थान पर भी साफ-सफाई का अभाव देखा गया।
ग्रामवासियों ने बताया कि शौचालय के संबंध में बात करने पर सचिव फोन नहीं उठाते साथ ही पंचायत भवन के पुनः निर्माण न होने के पीछे के कारणों की पहेली भी अबूझ बनी हुई है। गांव के मुख्य चौक वाली घनी बाजार में एक साथ क़ई ट्रांसफार्मर लगे हैं तथा अनेक तरफ तार व केबल गुजरे हैं। यहां मंगलवार और शुक्रवार को विशेष बाजार होने के कारण भारी भीड़ होती है। यहां आए दिन फाल्ट होता रहता है जिससे किसी बड़ी अनहोनी या दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्राम प्रधान, सचिव व ब्लाक तथा जिले के संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों से उक्त समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई है, साथ ही इसे नगर पंचायत घोषित करने की मांग की है ताकि शीघ्र व बेहतर विकास हो सके।
•हमारे गांव का सार्वजनिक शौचालय कभी नहीं खुलता। लंबे समय से बंद पड़े शौचालय का टैंक, पटिया व पाइप कनेक्शन टूटा हुआ है। इसे मरम्मत करके गांव हित के संचालित करने की आवश्यकता है। साथ ही पंचायत भवन का अभाव है जबकि पुराना पंचायत भवन बेहद जर्ज़र है। इस संबंध में सचिव का फोन नहीं उठता।
-मुनव्वर अहमद, एडवोकेट, खैराबाद•गांव के नालियां व नाले गंदगी से भरे पड़े हैं और कूड़े कचरे के कारण जाम हैं। नालियों के उपर ढक्कन व पटिया के अभाव के कारण गंदगी और बदबू फैलती है तथा इसमें गिरकर घायल होने की संभावना बनी रहती है।
-खैरुल बशर, खैराबाद•हमारी गली में हाईटेंशन तार के खंभे के बीच से रास्ता गुजरता है। इसी के अंदर होकर रोजाना लोग आते जाते हैं। इसे हटाना ग्रामवासियों के हिसाब से जनहित में बेहद जरुरी है। यह कभी जानलेवा भी हो सकता है।



















Post a Comment