अखंड ज्योति के उजाले से नहाया करहां परिक्षेत्र
ज्योति कलश रथ यात्रा का श्रद्धा संग हुआ अभिनंदन
करहां, मऊ। जब शांतिकुंज हरिद्वार से चली अखंड ज्योति की लौ गांव-गांव पहुंची, तो मानो आस्था की सुबह हर द्वार दस्तक देने लगी। गायत्री परिवार की शताब्दी वर्ष अखंड ज्योति कलश रथ यात्रा के आगमन पर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक का हर बाजार, हर गली और हर चौक भक्तिभाव से सराबोर हो उठा। कहीं आरती की थाल सजी, कहीं पुष्पवर्षा हुई और कहीं नतमस्तक श्रद्धालुओं ने ज्योति के समक्ष संकल्प लिया।
रथ यात्रा करहां, राजर्षि नगर दरौरा, मालव, लग्गूपुर व हिंडोला गांव पहुंची। हर पड़ाव पर विश्वास की लौ प्रज्ज्वलित हुई। विष्णुकांत श्रीवास्तव, सुभाषचंद्र वर्मा, शषिभूषण सिंह, सुबाशंकर, रीता देवी, श्रीराम चौरसिया, सुरेंद्र सिंह सहित स्नेही-स्वजन व ग्राम-बाजारवासियों ने श्रद्धा के पुष्प अर्पित कर स्वागत-अभिनंदन किया।
संयोजक संजय सिंह ने इस यात्रा को त्रिवेणी संगम की उपमा देते हुए कहा कि यह केवल रथ यात्रा नहीं, बल्कि युग परिवर्तन का संदेशवाहक प्रवाह है। उन्होंने बताया कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्वलित अखंड ज्योति के सौ वर्ष पूर्ण होने, माता भगवती शर्मा की जन्मशताब्दी तथा उनके दादागुरु के ज्योति स्वरूप दर्शन के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर यह यात्रा संचालित हो रही है। इसके चार रथ उत्तर प्रदेश में चल रहे हैं जिनमें से एक रथ आज मुहम्मदाबाद गोहना के भ्रमण पर आया। उन्होंने कहा कि इस दिव्य ज्योति का दर्शन, पूजन, आरती-पुष्पार्चन और अभिनंदन त्रिवेणी स्नान के समान पुण्य प्रदान करता है।
अखंड ज्योति की यह यात्रा जहां-जहां पहुंची, वहां-वहां मनों में उजास, घरों में संस्कार और समाज में सद्भाव की लौ जलती चली गई। इस दौरान डाक्टर डी. पटेल, विजयबहादुर सिंह, जयप्रकाश, विजेंद्र सिंह, वीरेंद्र यादव, अवधेश, मीरा सिंह, कृष्णा, लव, आदिति, अर्पिता, विजय, अवनीत आदि मौजूद रहे।



Post a Comment