भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर संपन्न, हजारों बच्चों ने निभाई सहभागिता
करहां (मऊ) : केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार एवं राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशानुसार 13 मई से 19 मई तक जनपद में आयोजित 'भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर-2026' का सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय भाषाओं के माध्यम से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना तथा विद्यार्थियों को भाषाई विविधता से जोड़ना रहा। इसमें हजारों बच्चों ने महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई।
इस कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय तथा जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों के मार्गदर्शन में परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन दो घंटे अतिरिक्त समय देकर निर्धारित थीम के अनुसार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विद्यालयों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इसमें औसतन करीब 37 हजार विद्यार्थियों, 29 सौ शिक्षकों तथा 1250 वालंटियर्स ने भागीदारी निभाई। वहीं जनपद स्तर पर कार्यक्रम से जुड़ी औसतन 13 सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया पोस्ट भी प्रसारित हुईं। जनपद मऊ में आयोजित कार्यक्रमों की महानिदेशालय स्तर पर सराहना की गई।
शिविर के सफल संचालन में शिक्षकों के साथ जनपद के एसआरजी संजय कुमार तिवारी, अरविंद पांडेय, राकेश कन्नौजिया, ब्लाक स्तर पर नियुक्त सभी एआरपी एवं शिक्षक संकुल सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं जिला समन्वयक प्रशिक्षण दुर्गा प्रसाद यादव की भूमिका को विशेष रुप से सराहनीय और उल्लेखनीय बताया गया।





Post a Comment