तिलक, पुष्पवर्षा और बैंड-बाजे के साथ छात्रों का हुआ भव्य स्वागत
करहां, मऊ। शासन एवं विभागीय निर्देशों के क्रम में मंगलवार को शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय मालव में छात्रों के स्वागत हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय खुलते ही बच्चों का विद्यालय के मुख्य द्वार पर तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर तथा बैंड-बाजे के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
विद्यालय परिवार ने बच्चों का अभिनंदन करते हुए उन्हें नियमित रुप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा स्वच्छता एवं अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। स्वागत कार्यक्रम से बच्चों में विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है और ऐसे कार्यक्रम छात्रों को विद्यालय से जोड़ने तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में सहायक अध्यापक रामकेर राम, उमेश भारती, स्वतंत्र कुमार सिंह, मनोज कुमार कुशवाहा, विजेंद्र प्रसाद, छठ्ठू प्रसाद गुप्ता, फहद अहमद, सुलमती चौहान, आरती सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं रसोइया उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार के इस अभिनव स्वागत कार्यक्रम की अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने भी सराहना की।


Post a Comment