Top News

थोड़ी सी बारिश में सड़कें बनीं तालाब, गड्ढों से राहगीरों की बढ़ी परेशानी

थोड़ी सी बारिश में सड़कें बनीं तालाब, गड्ढों से राहगीरों की बढ़ी परेशानी

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के करहां मील से शमशाबाद चट्टी तथा आरएएफ महिला पीजी कालेज शमशाबाद से भांटीकला अंडरपास तक जाने वाला प्रमुख मार्ग जर्जर हालत में है। गुरुवार शाम 10 मिनट की बारिश होते ही सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर गया, जिससे पूरी सड़क तालाब जैसी नजर आने  लगी। इससे राहगीरों, बाइक सवारों और स्कूली छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

यह मार्ग दो महाविद्यालयों, एक इंटर कालेज, दो डिजिटल लाइब्रेरी, एक पब्लिक स्कूल समेत कई सरकारी एवं कान्वेंट विद्यालयों को जोड़ता है। प्रतिदिन 40 से 50 गांवों के हजारों लोग इसी मार्ग से करहां, मुहम्मदाबाद गोहना व चिरैयाकोट सहित मऊ मुख्यालय तक आते-जाते हैं। साथ ही यह सड़क पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड और गाजीपुर-बलिया मार्ग को भी जोड़ती है।

स्थानीय नागरिकों विश्वजीत सिंह, पंकज सरोज, प्रमोद यादव, अभिषेक ठाकुर, रामनरायन, रामाश्रय सिंह, विनोद शर्मा, अविनाश कुमार आदि का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, 4-5 दिन पहले गिट्टियां गिराकर छोड़ दी गई हैं जो स्वयं में दुर्घटना का कारण बनी हुई हैं। लोगों ने संबंधित विभाग व अधिकारियों से शीघ्र पुनर्निर्माण कराकर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई सुरेश कुमार ने बताया कि करहां मील से शमशाबाद रोड के गड्ढों की मरम्मत हेतु डंफर से गिट्टियां जगह-जगह गिराई गई हैं। अब उन्हें ट्रैक्टर ट्राली से हर समुचित तरीके से गड्ढों में बिछाकर गड्ढे भरकर आवागमन आसान बनाया जाएगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post