18 टेट्रा देशी शराब के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस ने 15 अगस्त को भुजही से घरोहिया बाजार जाने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान 18 टेट्रा देशी शराब के साथ बभनपुरा निवासी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार प्रमोद अवैध शराब बेचने के लिए खड़ा था। बरामद शराब को सील कर आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बैंक से लौट रहे दंपती से ठगी, अंगोछे में चना-खैनी रखकर ले गए रुपये व बाली
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के क्यामपुर निवासी सुक्खू कनौजिया अपनी पत्नी के साथ बैंक से 4500 रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। बालकिसुन चौहान के घर के पास दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर रुपये और पत्नी की बाली यह कहकर ले ली कि घर पहुंचा देंगे। घर जाकर अंगोछा खोलने पर उसमें रुपये व बाली की जगह चना-खैनी मिली। सुक्खू के पुत्र राजन कन्नौजिया की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
----------------------------
धान की जबरन रोपाई से रोकने पर मारपीट, आठ के खिलाफ केस
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के सुरहुरपुर गांव में खेत में जबरन धान की रोपाई करने से रोकने पर मारपीट के मामले में पुलिस ने गोलवार टोला निवासी हरिकृष्ण बरनवाल की तहरीर पर पांच नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर के अनुसार अनुल मिश्रा, हरिओम, निखिल, हिमांशु व एक अन्य सहित तीन अज्ञात लोग खेत में रोपाई कर रहे थे। विरोध करने पर हरिकृष्ण, उनके चालक अमरजीत यादव और गार्ड अखिलेश शर्मा के साथ मारपीट व धमकी दी गई। पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच कर रही है।----------------------------
महिला से छेड़खानी व मारपीट में तीन के खिलाफ केस
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के नरौनी गांव में महिला से छेड़खानी, मारपीट व तोड़फोड़ के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता के अनुसार 17 जून को हैंडपंप पर पानी लेने गई थी, तभी गांव निवासी नौबत ने छेड़खानी की। विरोध करने पर नौबत ने अपने साले जयहिंद व महुआडीह, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ निवासी लाला के साथ मिलकर महिला और उसके पति से मारपीट की तथा घर में तोड़फोड़ की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस शनिवार को केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
----------------------------
शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र की एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर भगाने के आरोप में पुलिस ने देवरिया खुर्द निवासी अंकित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी के पिता के अनुसार एक अगस्त की शाम करीब तीन बजे अंकित उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया। उन्हें भय है कि उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी न हो जाय। पुलिस ने शुक्रवार को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की बरामदगी के लिए प्रयास शुरु कर दिया है।






Post a Comment