संत शिरोमणि रविदास कलश यात्रा के माध्यम से दिया सामाजिक समरसता का संदेश
करहां (मऊ) : संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाश वर्ष के उपलक्ष में रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना मंडल के अलाउद्दीन पट्टी, कुतुबपुर, हाफिजपुर व बनियापार ग्राम सभाओं में समरसता कलश वंदन यात्रा निकाली गई। इस यात्रा के माध्यम से संत रविदास के जीवन दर्शन और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने कहा कि माघी पूर्णिमा का विशेष महत्व है, क्योंकि इसी पावन तिथि पर संत शिरोमणि रविदास का जन्म हुआ था। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनकी वाणी का समावेश गुरु ग्रंथ साहिब में भी हुआ है। वरिष्ठ भाजपा नेता छोटू प्रसाद ने संत रविदास के प्रसिद्ध संदेश ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का उल्लेख करते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा से माघ पूर्णिमा तक चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के समतामूलक विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में आपसी भाईचारा और समानता बनाए रखने का संकल्प लिया। यात्रा में बड़ी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य त्रिभुवन प्रसाद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रद्युम्न प्रताप, ठाकुर प्रसाद सिंह, प्रमोद सोनकर, आकाश चौहान, ज्यभवन, कुलदीप साबित बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, क्षेत्रवासी, पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।




Post a Comment