हिंदी दिवस पर प्रतियोगिता का आयोजन, अधिरोहण संस्थान ने किया पुरस्कृत
करहां (मऊ) : हिंदी दिवस के अवसर पर मऊ नगर के सहादतपुरा स्थित देव पब्लिक स्कूल में अधिरोहण सामाजिक संस्थान के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा आठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर हिंदी के प्रति अपनी रचनात्मक अभिरुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कक्षा आठ में अंबिका मौर्या ने प्रथम, जानवी राय ने द्वितीय और श्लोक चंद सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा नौ में प्रांजल श्रीवास्तव प्रथम, खुशी गुप्ता द्वितीय और शांभवी तिवारी तृतीय रहीं। कक्षा 10 में राम विजय कुशवाहा प्रथम, अंश श्रीवास्तव द्वितीय और समर राय तृतीय रहे। कक्षा 11 में आंशिका पांडेय प्रथम, अलिया सैनी द्वितीय और निवेदिता पांडेय तृतीय रहीं। वहीं कक्षा 12 में श्रेया चौहान ने प्रथम, उत्कर्ष सिंह ने द्वितीय और ईशा सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अधिरोहण सामाजिक संस्थान की संस्थापिका ज्योति सिंह ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और पहचान की भाषा है। विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि, अभिव्यक्ति और रचनात्मकता विकसित करने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी बीना राय सहित विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। प्रबंधक राजेश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य प्रतिभा सिंह, शिक्षिका अर्चना सिंह, सविता, सोनू पांडेय आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment