देवसीपुर की चौपाल में ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने को किया जागरुक

देवसीपुर की चौपाल में ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने को किया जागरुक

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के देवसीपुर गांव में बुधवार को जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरुक किया गया। अधिकारियों व विभागीय कर्मचारियों ने मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, पेंशन, राशन कार्ड और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए दस्तावेजों व प्रक्रियाओं में आ रही दिक्कतों के समाधान का तरीका भी बताया। चौपाल में विकसित भारत- जी राम जी योजना के जाबकार्ड धारकों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने पर विशेष जोर दिया गया। रोजगार सेवक जनार्दन राजभर ने बताया कि पंचायत में अब तक 352 जाबकार्ड धारकों की ई-केवाईसी हो चुकी है।

चौपाल में आयुष्मान कार्ड के लिए आधार सत्यापन की आवश्यकता बताई गई। आशा कार्यकर्ता उमा देवी ने बताया कि अधिकांश पात्रों के कार्ड बन चुके हैं, जबकि आधार में संशोधन या सत्यापन की कमी से कुछ लाभार्थी वंचित हैं। गांव से बाहर रहने वाले सात-आठ परिवारों से संपर्क के बावजूद उनके उपस्थित न होने से कार्ड नहीं बन सके। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुष्पा देवी व बिंदा देवी ने बताया कि पंचायत में नौ धात्री और छह गर्भवती महिलाएं पंजीकृत हैं तथा तीन से छह वर्ष के 51 बच्चों को पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने की सलाह दी गई। ग्रामीण लालधर राजभर की खतौनी व आधार में नाम की भिन्नता की समस्या पर संबंधित लेखपाल से अभिलेख दुरुस्त कराने को कहा गया। वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन के लिए बैंक में एनपीसीआई कराने तथा राशन कार्ड और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।

चौपाल में कन्हई राजभर, फेंकू राजभर, सूरज राजभर, अजय पासवान, मुराली पासवान, लालता राजभर, देवनाथ, कल्पू, साधु गोंड, परमी देवी, उर्मिला देवी, उमा देवी, फूलमती, बचिया, सुभावती, बिंदा, सावित्री व चांदमती समेत ग्रामीणों ने समस्याएं रखीं। संबंधित कर्मचारियों ने समाधान की प्रक्रिया बताते हुए पात्रों को आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा। इस अवसर पर आईटीआई कालेज के कार्यदेशक अजय कुमार आर्य, अनुदेशक प्रफुल्ल चंद्र पाठक व जितेंद्र विश्वकर्मा, समाज कल्याण विभाग की दीक्षा यादव व वीरेंद्र कुमार, लघु सिंचाई विभाग के पुनीत पांडेय, ग्राम सचिव संजय सहाय, ग्राम प्रधान वीरेंद्र कुमार राजभर, कोटेदार कैलाश राजभर समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post