चकजाफ़री में लगी चौपाल, सुनी समस्याएं, दी जानकारी
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के चकजाफरी गांव में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने अधिकारियों व पंचायत कर्मियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
चौपाल में स्वयं सहायता समूह, अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्ड, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास, शौचालय, पेयजल, स्वच्छता, मनरेगा जाब कार्ड और ई-केवाईसी की स्थिति जानी गई। बीडीओ ने महिलाओं को अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने को कहा। आवास योजना में स्वीकृति के बाद भी धनराशि न मिलने की शिकायत पर पंचायत सचिव भीष्म नारायण यादव ने बताया कि चयनित लाभार्थियों के लिए शासन से धनराशि प्राप्त होते ही उनके खातों में भेजी जाएगी।
वृद्धावस्था, दिव्यांग और विधवा पेंशन के साथ किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की भी समीक्षा की गई। रुकी पेंशन के लाभार्थियों को बैंक खाते में एनपीसीआई लिंक कराने तथा किसानों को जनसेवा केंद्र या पंचायत सहायक के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री कराने की जानकारी दी गई। आधार और खतौनी में नाम की विसंगति होने पर लेखपाल से संपर्क कर उसे दुरुस्त कराने को कहा गया। इस दौरान अवर अभियंता लघु सिंचाई संदीप सिंह, ग्राम प्रधान धीरेंद्र प्रताप खरवार, पंचायत सहायक भीष्म नारायण यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


Post a Comment