Top News

तेज आंधी-पानी से गिरे पेड़ व तार, बिजली व्यवस्था प्रभावित

तेज आंधी-पानी से गिरे पेड़ व तार, बिजली व्यवस्था प्रभावित

पेड़ों को हटाने व विद्युत व्यवस्था बहाल करने में जुटे आम नागरिक व विद्युतकर्मी

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अचानक आई तेज आंधी-पानी से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवा के चलते जगह-जगह पेड़ व उनकी डालियां उखड़कर सड़कों पर गिर गईं। कई स्थानों पर विद्युत तार व खंभे भी धराशायी हो गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गिरे पेड़ों को काटकर हटाने व विद्युत व्यवस्था बहाल करने में आम नागरिक व विद्युतकर्मी लगे हुए हैं। 

जमुई, रसूलपुर, चकजाफ़री, माहपुर, नगपुर, शमशाबाद, दपेहड़ी, भिलहिलिया, हईहासपुर आदि गावों में पेड़ गिरने के समाचार प्राप्त हुए हैं। कुछ स्थानों पर इसके कारण आवागमन भी प्रभावित रहा। बारिश थमने के बाद स्थानीय लोगों ने पेड़ और डालियों को हटाकर रास्ता साफ कराया, जिससे आवागमन बहाल हो सका। अचानक मौसम बदलने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उधर, विद्युतकर्मी गिरे तारों व खंभों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं आंधी-पानी से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। क्षेत्रीय वन अधिकारी दिवाकर यादव ने भी गिरे पेड़ों का संज्ञान लेते हुए उसे शीघ्र हटवाने की बात कही है।





Post a Comment

Previous Post Next Post