Top News

पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी व दो बच्चे गंभीर घायल

पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी व दो बच्चे गंभीर घायल

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के महरुपुर मोहल्ला निवासी एक युवक की मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार महरुपुर निवासी मोहम्मद अहमद (30) पुत्र अब्दुल हक अपनी पत्नी नसरीन और दोनों बच्चों के साथ बाइक से वलीदपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। इसी दौरान मुहम्मदाबाद गोहना-जीयनपुर मार्ग पर परासखांड के समीप सामने से तेज गति से आ रही एक पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन मोहम्मद अहमद ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गंभीर रुप से घायल उसकी पत्नी नसरीन और दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कोतवाली लाई है और तहरीर उपरांत विधिक कार्यवाही में लग गई है। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




Post a Comment

Previous Post Next Post