Top News

मऊ में 308 पहियों वाले ‘बाहुबली’ ट्रक को देखने उमड़ी भीड़

मऊ में 308 पहियों वाले ‘बाहुबली’ ट्रक को देखने उमड़ी भीड़

आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया रिएक्टर

करीब 200 टन वजनी औद्योगिक मशीन लेकर घोसी पहुंचा विशालकाय ट्रेलर

लोगों ने बनाई रील्स; दोहरीघाट होते हुए गोरखपुर की ओर रवाना

करहां (मऊ)। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर गुरुवार को 308 पहियों वाला विशालकाय ‘बाहुबली’ ट्रेलर कौतूहल का केंद्र बना रहा। करीब 200 टन वजनी औद्योगिक मशीन लेकर घोसी पहुंचे ट्रेलर को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई इस अनोखे नजारे को मोबाइल में कैद करने के लिए उत्सुक दिखा। कई लोग वीडियो बनाने लगे तो कुछ ने सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए रील्स भी बनाईं।

जानकारी के अनुसार, बेल्जियम से मंगाई गई करीब 200 टन वजनी मशीन को लेकर यह ट्रेलर मंगलवार से ही वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के रास्ते आगे बढ़ रहा था। जनपद की सीमा में प्रवेश करने से पहले यह दो दिनों तक सड़क किनारे रुका रहा। गुरुवार को हरी झंडी मिलने के बाद निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ा। ट्रेलर पर लदी मशीन को साइक्लाइजेशन रिएक्टर/बायलर बताया जा रहा है, जिसे औद्योगिक संयंत्र तक पहुंचाया जाना है। यह घोसी से दोहरीघाट होते हुए गोरखपुर की ओर रवाना हुआ।

घोसी क्षेत्र में पहुंचने पर ट्रेलर को रोककर इंजन बदलने की प्रक्रिया के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। चालक और कर्मचारियों के प्रयास के बीच लोग अपने-अपने मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो बनाते रहे। इसी दौरान ट्रेलर रिएक्टर में फंस गया, जिससे उसे निकालने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद ट्रेलर को बाहर निकाला जा सका और वह आगे की यात्रा पर रवाना हुआ।

इस विशालकाय ट्रेलर में मल्टी एक्सल के कुल 308 पहिये लगे हैं। इसके साथ 40 से 50 कर्मचारी, तीन क्रेन और एक अतिरिक्त इंजन स्टाफ भी चल रहा है। भारी मशीन को सुरक्षित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पूरी टीम साथ चल रही है। ट्रेलर पर लदी मशीन को आगे बलरामपुर और लखीमपुर खीरी तक पहुंचाया जाना है। ट्रेलर के आकार और पहियों की विशाल संख्या को देखकर लोग हैरान नजर आए। पूरे रास्ते यह ट्रेलर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।




Post a Comment

Previous Post Next Post