सर्विस रोड पर स्कूटी सवार को रोककर मारपीट, 11 पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के भुजही सर्विस रोड स्थित रैंकड़ पुलिया के पास तीन अक्टूबर को हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने घायल रजनीकांत की तहरीर पर बुधवार को केस दर्ज किया है। पीड़ित के अनुसार वह अपने मित्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में विपक्षियों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरु कर दी। घटना में वह गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस तहरीर के आधार पर बनियापार निवासी बब्बी शर्मा और 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
@@@@@
ड्राइविंग लाइसेंस देने से इनकार व मारपीट की धमकी पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के गौरपार निवासी सुनील कुमार की शिकायत पर जोगरी डाकघर के पोस्टमैन जितेंद्र यादव के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी व जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के आरोप में एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सुनील कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसके छोटे भाई का ड्राइविंग लाइसेंस सात जुलाई को जोगरी डाकघर पहुंचा था। 19 अगस्त की शाम करीब साढ़े चार बजे वह लाइसेंस लेने डाकघर पहुंचा, जहां आरोप है कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के सिरसिया नदवासराय निवासी पोस्टमैन जितेंद्र यादव ने लाइसेंस देने से मना कर दिया। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और लाठी लेकर मारने के लिए दौड़ाया। पीड़ित का कहना है कि लाइसेंस अब भी डाकघर में पड़ा है और वहां दोबारा जाने पर मारपीट की आशंका है। पुलिस ने एसपी के निर्देश पर बुधवार को केस दर्ज कर जांच कर रही है।



Post a Comment