अज्ञात कारणों से किसान की झोपड़ी में लगी आग, सामान जलकर राख
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सद्धोपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में बुधवार रात करीब 11:30 बजे सड़क किनारे स्थित एक किसान की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी को चपेट में ले लिया। उसमें रखी चारपाई, चौकी, कुर्सी, बिछौना, बर्तन, लकड़ी, उपला, खेती-बाड़ी का सामान और सिंचाई वाली प्लास्टिक की पाइप जलकर राख हो गई। झोपड़ी में रहने वाले 65 वर्षीय सर्वजीत राम घटना के समय तबीयत खराब होने के कारण घर पर सोए थे। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सामान नहीं बचाया जा सका।
सूचना पाकर लेखपाल अनिल यादव और ग्राम प्रधान देवंती देवी मौके पर पहुंची तथा नुकसान का जायजा लिया। राजस्व निरीक्षक कृष्णकांत सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।


Post a Comment