Top News

थाना दिवस पर एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायत, कोतवाली का किया निरीक्षण

थाना दिवस पर एसपी ने सुनीं फरियादियों की शिकायत, कोतवाली का किया निरीक्षण

करहां (मऊ) : जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। कार्यभार संभालने के दो दिन बाद थाना दिवस पर पहुंचे एसपी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल नौ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह राजस्व और तीन पुलिस विभाग से संबंधित थीं। तीन मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया, जबकि तीन मामलों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

इसके बाद एसपी ने कोतवाली कार्यालय, अभिलेखों, क्राइम रजिस्टर और रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर सभी रिकॉर्ड दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। बैरक में साफ-सफाई, पेयजल और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का जायजा लिया। पुलिस मेस के निरीक्षण के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, साफ पानी से भोजन तैयार कराने और जवानों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि थाना दिवस पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

आगामी नवरात्रि और त्योहारों के मद्देनजर एसपी ने कोतवाल को विशेष अभियान चलाकर अराजक तत्वों, शराब माफियाओं और विभिन्न मुकदमों में वांछित अपराधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और जनशिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह सहित कोतवाली के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post