Top News

घरेलू विवाद से आहत युवक ने पुल से तमसा नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

घरेलू विवाद से आहत युवक ने पुल से तमसा नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी


पढ़ाई पूरी कर चाय-पकौड़ी की दुकान से संवार रहा था भविष्य, घटना से परिवार में मचा कोहराम


करहां (मऊ) : जिस उम्र में आंखों में सुनहरे सपने और जिंदगी को संवारने की उम्मीदें होती हैं, उस उम्र में घरेलू विवाद से आहत 19 वर्षीय आकाश ने रविवार दोपहर टोंस नदी के पुल से छलांग लगा दी। कोतवाली क्षेत्र के मड़हापट्टी गांव निवासी आकाश पुत्र स्वर्गीय पुनवासी इंटरमीडिएट और आइटीआइ की पढ़ाई पूरी करने के बाद गांव के पास गुमटी में चाय-पकौड़ी की दुकान चलाता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।


परिजनों के अनुसार आकाश के बड़े भाई विशाल की शादी पिछले वर्ष एक जून को हुई थी। रविवार को उसकी भाभी की मौसी घर आई थीं। इसी दौरान घरेलू विवाद में उन्होंने आकाश को डांट दिया, जिससे क्षुब्ध होकर वह घर से निकल गया और टोंस नदी में छलांग लगा दी। विशाल ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की मौसी द्वारा बेवजह प्रताड़ित किए जाने से आहत होकर भाई ने यह कदम उठाया। हालांकि, विवाद की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


घटना की सूचना पर कोतवाल के.के. वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय नाविकों व गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरु कराई। समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था। पुलिस के अनुसार तलाश जारी है और आवश्यकता पड़ने पर एनडीआरएफ की टीम बुलाई जाएगी। नदी किनारे अपनों की सलामती की उम्मीद लगाए परिजन किसी अनहोनी की आशंका से बेहाल हैं।





Post a Comment

Previous Post Next Post