•मोहउद्दीपुर मड़हा में पशु आरोग्य मेले का आयोजन
•445 पशुओं की जांच कर बांटी गई मुफ्त दवाएं
करहां, मऊ। पशुपालक विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर पशुपालन को आय का बेहतर माध्यम बनाएं। इससे पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के साथ उनकी आमदनी भी बढ़ेगी। यह बातें भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने गुरुवार को मोहउद्दीपुर मड़हा में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक दिवसीय पशु आरोग्य मेले के शुभारंभ के दौरान कहीं।
पशुपालन विभाग एवं पशु चिकित्सालय धरहरा-भातकोल की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि रामसरन चौहान और विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा ने गौपूजन और फीता काटकर किया। मेले में कुल 445 पशुओं की जांच की गई। इनमें 225 बड़े और 220 छोटे पशु शामिल रहे। पशुपालकों को मुफ्त दवाओं के साथ मिनरल मिक्सचर और कृमिनाशक औषधियां वितरित की गईं। बीमार पशुओं के उपचार के अलावा बांझपन से जुड़ी समस्याओं पर भी परामर्श दिया गया।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. संजय सिंह ने मुख्यमंत्री गोसंवर्धन योजना, नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत नंदिनी एवं मिनी नंदिनी योजना, बकरी पालन और पशुधन बीमा योजना की जानकारी दी। उन्होंने पशुओं के उचित रखरखाव और उन्नत नस्लों के चयन को पशुपालन में लाभ बढ़ाने के लिए जरूरी बताया।
प्रभारी पशु चिकित्सक डा. राजेश यादव ने खुरपका-मुंहपका, गलाघोंटू, लंपी स्किन डिजीज और बकरियों में होने वाली पीपीआर बीमारी के लक्षणों व बचाव के उपाय बताए। उन्होंने पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए समय से टीकाकरण कराने की अपील की।
मेले की अध्यक्षता डा. राजेश यादव ने की, जबकि संचालन एवं मुख्य उद्बोधन डा. संजय सिंह ने किया। इस अवसर पर फार्मासिस्ट श्यामसुंदर सोनकर, पशुधन प्रसार अधिकारी आनंद पांडेय व सुभाष यादव सहित विभागीय कर्मचारी और पशुपालक भलई राम, चंद्रपति प्रजापति, श्रीपति, राजेंद्र यादव, संतोष प्रजापति समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




Post a Comment