Top News

हवन, पूर्णाहुति, मेला व भंडारे के साथ संपन्न हुई पंच दिवसीय ब्रह्मगायत्री महायज्ञ

हवन, पूर्णाहुति, मेला व भंडारे के साथ संपन्न हुई पंच दिवसीय ब्रह्मगायत्री महायज्ञ

•ब्रह्मर्षि रामकृष्ण धाम कोठिया में पंचलक्ष जप की संख्या हुई पूर्ण


•पूर्णाहुति में पहुंचे रामपुर एसपी अनिल सिंह सिसोदिया, सबका किया स्वागत


करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के कोठिया धाम में ब्रह्मलीन संत ब्रह्मर्षि रामकृष्णजी महाराज की स्मृति में आयोजित पंच दिवसीय ब्रह्म गायत्री महायज्ञ मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। महायज्ञ के अंतिम दिन पंचलक्ष ब्रह्म गायत्री मंत्र जप का संकल्प पूरा होने पर दशांश हवन, तर्पण और मार्जन की धार्मिक परंपराएं निभाई गईं। इसके बाद विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही लगे पारंपरिक मेले में क्षेत्रीय और दूरदराज से आए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

धाम में जप यज्ञ की परंपरा ब्रह्मलीन संत रामकृष्ण दासजी महाराज के समय से चली आ रही है। मुख्य यजमान भदीड़ निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक सिंह ने कहा कि जप यज्ञ को सभी यज्ञों में श्रेष्ठ माना गया है। नियमित जप और साधना से मनुष्य धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने ब्रह्मर्षि रामकृष्णजी महाराज के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वे तप, साधना, वैदिक शिक्षा और परोपकार के आदर्श स्वरुप थे। उन्होंने कभी धन का स्पर्श तक नहीं किया और अपना संपूर्ण जीवन लोककल्याण के लिए समर्पित रखा।

यज्ञाचार्य पंडित सुदामा पांडेय ने बताया कि 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक चले इस आयोजन में दर्जनों विद्वान ब्राह्मणों ने सामूहिक रुप से पांच लाख ब्रह्म गायत्री मंत्रों का जप किया। अंतिम दिन अशोक सिंह के नेतृत्व में विधि-विधान से हवन और पूर्णाहुति संपन्न कराई गई। इसके बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मेले में हजारों लोगों की उपस्थिति से धाम परिसर में पूरे दिन उत्सवी माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में पहुंचे भदीड़ निवासी रामपुर एसपी अनिल सिंह सिसोदिया ने विद्वान विप्रजनों, गणमान्य अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत सम्मान किया। आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर पुण्य लाभ लिया। मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रभारी निरीक्षक कमलकांत वर्मा और उपनिरीक्षक नूर आलम हमराहियों संग स्वयं व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

इस अवसर पर दीपक पाठक, चंद्रविजय सिंह, प्रवीण कुमार राय, मुन्ना मौर्य, शिवम आचार्य, अभय सिंह, लव चतुर्वेदी, पुनीत सिंह, अभिषेक सिंह टिंकू, शशि प्रकाश डेविड, संजय कुमार, देवमणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय गणमान्य उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post