एसआईआर के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, तहसील से शहीद चौक तक निकाली तिरंगा यात्रा
•प्रधानमंत्री के पुतले के साथ नारेबाजी करते हुए जताया विरोध, पुलिस को सौंपा पुतला
•अधिवक्ता महेंद्र राय के नेतृत्व में निकली यात्रा, वापस लेने की उठाई मांग
करहां (मऊ) : एसआईआर कानून के विरोध में सोमवार को मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया। अधिवक्ता महेंद्र राय के नेतृत्व में कचहरी परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहीद चौराहे तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने अधिवक्ताओं से बातचीत कर स्थिति को संभाला। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री का पुतला पुलिस को सौंप दिया और वापस तहसील परिसर लौट गए।
अधिवक्ता महेंद्र राय ने कहा कि एसआईआर कानून को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में असंतोष है। उनके मुताबिक, इस कानून से गरीब, मजदूर और वंचित तबके के लोगों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समुदाय इस कानून को जनहित के प्रतिकूल मानते हुए इसे वापस लेने की मांग कर रहा है। इसी विरोध को लोकतांत्रिक तरीके से अभिव्यक्त करने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में खालिद कमाल, सुधीर श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, विनय श्रीवास्तव, इनाम खान, अशोक कुमार, सभ्य पाल, प्रदीप, आलोक, पवन श्रीवास्तव, अनुराग श्रीवास्तव, छोटेलाल शर्मा, संजय तिवारी, गौतम कुमार सहित काफी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।


Post a Comment