ब्रह्म गायत्री महायज्ञ के चतुर्थ दिवस एक लाख जप संख्या पूर्ण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के कोठिया धाम में आयोजित पांच दिवसीय ब्रह्म गायत्री महायज्ञ के चतुर्थ दिवस सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विविध देवी-देवताओं का पूजन-अर्चन किया गया। यज्ञाचार्य पं. सुदामा पांडेय के निर्देशन में यजमान अशोक सिंह ने गौरी-गणेश, कलश, स्तंभ, सप्तमातृका, वास्तु, क्षेत्रपाल, सर्वतोभद्र मंडल, गायत्री माता एवं नवग्रह पूजन किया। इसके साथ ही महाकाली, महालक्ष्मी, महासरस्वती, चौसठ योगिनी, ब्रह्मर्षि रामकृष्ण महाराज, सीताराम एवं देवाधिदेव महादेव का पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान एक लाख गायत्री मंत्रों के जप का संकल्प पूरा किया गया।
कथावाचक गिरिजेश त्रिपाठी एवं कौशल पांडेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि गायत्री महामंत्र आत्मशुद्धि, सद्बुद्धि और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त माध्यम है। जप और यज्ञ केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि मनुष्य के विचारों को पवित्र बनाने का मार्ग हैं। सामूहिक साधना से समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। जीवन में धर्म, सेवा और सदाचार को अपनाना ही ऐसे आयोजनों की सार्थकता है।
पूजन-अनुष्ठान में पं. शिव मिश्र, पं. शिवशंकर दूबे, पं. देवमणि त्रिपाठी, पं. निकेश उपाध्याय सहित अन्य ब्राह्मणों ने वैदिक विधियों का निर्वहन किया। आयोजन में बंटी सिंह, शिवचंद यादव, सुभाष, मुन्ना मौर्य, चंडी प्रसाद, संजय सिंह, डेविड सिंह, कुश, मिंटू कुमार, चुन्नी सिंघ अनेक श्रद्धालुगण उपस्थित थे।



Post a Comment