छठ पर्व की तैयारियां अंतिम चरण में, जलाशयों की सफाई पूरी, बाजार गुलजार तो सड़कों पर लग रहा जाम
करहां (मऊ) : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर करहां क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य की उपासना के लिए श्रद्धालु जुट गए हैं। क्षेत्र के मठ गुरादरी स्थित पाताल गंगा सहित तिलसवां, मालव, भांटीकला, नगपुर, याकूबपुर, सौसरवां, सद्धोपुर, देवरिया और लग्गूपुर के जलाशयों की साफ-सफाई शनिवार सुबह तक पूरी कर ली गई। घाटों पर पूजन की तैयारियां भी अंतिम दौर में हैं।
उधर छठ को लेकर करहां सहित शमशाबाद, नगपुर, मालव, लग्गूपुर, घरोहिया और भुजही बाजारों में उत्सवी रौनक छाई हुई है। सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। फल, गन्ना, दौरी, सूप और पूजन सामग्री के साथ श्रृंगार की दुकानों पर सर्वाधिक चहल-पहल है। वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों से मंगाई गई पूजन सामग्री और विभिन्न स्थानों से पहुंच रहे फल-सब्जियों से बाजार सजे हुए हैं। खरीदारी के दबाव के चलते बाजारों में रुक-रुककर जाम लग रहा है, जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
व्यवसायियों राहुल मद्धेशिया, अरुण चौरसिया, राजेश कुमार, मुमताज अहमद, प्रदीप चौरसिया, नरेंद्र गुप्ता और आशीष जायसवाल का कहना है कि इस बार बाजार में अपेक्षा से अधिक रौनक है और कारोबार भी बेहतर चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, पुलिस के जवान बाजारों में लगातार चक्रमण कर यातायात व्यवस्था बहाल रखने और भीड़ प्रबंधन में जुटे हुए हैं।













Post a Comment