मारपीट की घटनाओं में तीन घायल, कुल 12 लोंगो पर मुकदमा
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अन्तर्गत के दो थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग गांवों में हुई मारपीट की घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। घायलों की तहरीर पर तीनों घटनाओं में बारह लोगों के खिलाफ मारपीट आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मारपीट की पहली घटना मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर कोलौरा गांव में हुई। गांव निवासी रामदेई पत्नी स्वर्गीय लौजारी का आरोप है कि बच्चों में कुछ विवाद हो गया। जिसको लेकर वह बच्चों को समझाने गई थी कि पहले से घात लगाए दूसरे पक्ष के चार लोगों ने लाठी डंडा से हमला कर दिया जिससे उसको गंभीर चोटे आई हैं। पीड़ित रामदेई की तहरीर पर गांव के ही धर्मेंद्र यादव, ओमप्रकाश संजीव आदि समेत चार के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मारपीट की दूसरी घटना भी मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहां गांव में हुई। गांव निवासी मनोरमा देवी पत्नी वीरेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बकरी हांकने के विवाद में गांव के लालता प्रसाद आदि ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। मनोरमा की तहरीर पर लालता, कमलेश शांति आदि समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मारपीट की तीसरी घटना रानीपुर थाना क्षेत्र के घुटमा गांव की है। गांव निवासी विकलांग छांगुर राम का आरोप है कि दीपावली के दिन वह दीपक जलाने के लिए जा रहा था। इस दौरान रास्ते पर पानी गिरा हुआ था। पानी गिराने का कारण पूछने पर गांव के ही सुभाष राम, बृजभूषण, गौतम आदि ने उसके ऊपर हमला कर दिया। जिसे उसे गंभीर चोटे आई हैं। पीड़ित छांगुर की तहरीर पर चार आरोपितों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Post a Comment