असफलताओं से पार पाना सिखाती है रामायण: डॉ. सूर्यभान सिंह
करहाँ, मु.बाद गोहना, मऊ। करहाँ क्षेत्र के देवरिया खुर्द गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर चल रही पंचदिवसीय श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस में मानस प्रवक्ता डॉक्टर सूर्यभान सिंह ने सीता की खोज का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि रामायण में कई ऐसे प्रसंग हैं, जिनसे असफलता से पार पाना सीखा जा सकता है। अगर हम भी हनुमान जी की तरह अपने जीवन मे नवविचार एवं नवऊर्जा लाएं तो असफलताओं में भी सफलता का स्वाद मिल सकता है।
कथा की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि माता सीता की खोज करते समय एक बार हनुमान जी भी हताश हो गए थे क्योंकि रावण सहित सभी लंकावासियों के निज गृहों, राजकीय भवनों और लंका की गलियों, रास्तों पर सीता को खोज लेने के बाद भी वे नहीं मिली। चूँकि हनुमान ने सीता को कभी देखा भी नहीं था लेकिन वे सीता के गुणों से परिचित थे। यही जानकारी उनके काम आयी। क्योंकि उनके जैसी गुण वाली कोई स्त्री लंका में नहीं दिखी। इसके बाद उनके मन में एक विचार आया कि अगर खाली हाथ लौट जाऊंगा तो वानरों के प्राण तो संकट में पड़ेंगे ही, प्रभु श्रीराम भी सीता के वियोग में प्राण त्याग देंगे, तब लक्ष्मण और भरत भी नहीं रह सकेंगे। वे स्वयं अपने स्वामियों के बिना अयोध्या नहीं जा पाएंगे जो उनकी हार्दिक इच्छा थी। बहुत से प्राणों पर संकट छाते देख उनके मन में नव विचार आया कि वे अब माता सीता को महलों में नहीं बल्कि सुनसान स्थानों में खोजेंगे। ये विचार मन में आते ही हनुमान जी फिर से नई ऊर्जा से भर गए।
डॉक्टर सूर्यभान सिंह ने कहा कि इसके बाद हनुमान ने सारे राजकीय उद्यानों और राजमहल के आसपास सीता की खोज शुरू कर दी। अंत में सफलता मिली और हनुमान ने सीता को अशोक वाटिका में खोज लिया। इस प्रकार हनुमान के एक नव विचार ने उनकी असफलता को सफलता में बदल दिया।
प्रायः हमारे साथ भी ऐसा ही होता है। किसी भी काम की शुरुआत में थोड़ी सी असफलता हमें विचलित कर देती है। हम शुरुआती हार को ही स्थायी मानकर बैठ जाते हैं। फिर से कोशिश ना करने की आदत न सिर्फ अशांति पैदा करती है बल्कि हमारी प्रतिभा को भी खत्म करती है। इसलिए असफलताओं से हार न मानकर पुनः नवविचार और नव ऊर्जा द्वारा सफलता प्राप्त करना रामायण का यह प्रसंग सिखाता है।
दूसरे दिन की कथा की शुरुआत करहां परिक्षेत्र के प्रख्यात चिकित्सक डॉक्टर कुँवर अनुराग सिंह ने दीप प्रज्जवलन व व्यास पीठ के पूजन के साथ किया। उन्होंने कथावाचकद्वय डॉक्टर सूर्यभान सिंह व पंडित ललित नारायण गिरी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। संचालन लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने किया तो आभार प्रदर्शन नागेन्द्र सिंह ने किया। इस अवसर पर धर्मनाथ सिंह, दिनेश पाण्डेय, बृज बिहारी सिंह, श्रवण पाण्डेय, धनंजय सिंह, बृजेश यादव, अरविंद सिंह, संदीप बारी, प्रवीण सिंह आदि उपस्थित रहे। अंत में आरती व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।

Post a Comment