मऊ के नमन त्रिपाठी का मुंबई में चिकित्सा अधिकारी पद पर चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के नगपुर गांव के होनहार युवक डॉक्टर नमन त्रिपाठी ने परिश्रम, लगन और सतत साधना के बल पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। उनका चयन महाराष्ट्र के मुंबई स्थित उल्हासनगर महानगर पालिका में चिकित्सा अधिकारी के पद पर होने की सूचना मिलते ही गांव-क्षेत्र में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई। गुरुवार सायंकाल जैसे ही यह शुभ समाचार पहुंचा, बधाई देने वालों का तांता उनके पैतृक निवास पर लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगपुर निवासी नमन त्रिपाठी, मुंबई में चिकित्सक पिता डॉ. प्रभात त्रिपाठी के सान्निध्य में रहकर शिक्षा एवं प्रतियोगी तैयारी में जुटे रहे। कठिन परिश्रम का ही परिणाम है कि राष्ट्रीय शहरी आरोग्य अभियान एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत उनका चयन चिकित्सा अधिकारी के रुप में हुआ। इस संबंध में उल्लासनगर महानगर पालिका के उप आयुक्त अनंत जवादवार द्वारा चयन पत्र जारी किया गया है।
नमन की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता पंकज कुमार त्रिपाठी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशीष चौधरी व रविभूषण सिंह, ग्राम प्रधान राहुल यादव व पूर्व प्रत्याशी अनिरुद्ध यादव, गायक चंद्रभान सिंह, महाप्रधान प्रत्याशी विक्की वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश त्रिपाठी, राजमिस्त्री किशुन चौहान, शमशेर अहमद, संतोष तोमर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य व सफल सेवाकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उनके बड़े पिता अरुण कुमार उर्फ मुन्ना त्रिपाठी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है।


Post a Comment