कृष्ण के सिवाय कौन दयालु है जिसकी शरण ग्रहण की जाय-? कं वा दयालुं शरणं व्रजेम्-? : महेशचंद्र
आचार्य महेश ने परमात्मा श्रीकृष्णचन्द के वेणुनाद को ब्रह्म साक्षात्कार कराने वाला ब्रह्मनाद बताया। जो सभी साधक, जीवात्माओं के चित्त-मन-प्राण और वृत्ति का आकर्षण करके भगवान श्रीकृष्णचन्द्र के सन्मुख ला देता है वही लीला भगवान की वेणुनाद लीला है। कहा कि किसी भी शरीर में, जिस किसी जीवात्मा ने, श्रीकृष्ण मिलन के लिए साधना किया था; द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्णचन्द्र के वेणुनाद ने उन सभी शरीरधारी जीवात्माओं का आकर्षण करके भगवान के सन्मुख ला दिया एवं उन्हें भगवत्प्राप्ति व ब्रह्म साक्षात्कार का परम सुख सौभाग्य प्रदान कर दिया। इस साधनात्मक वेणुध्वनि को भारतीय ऋषि मेधा ने सर्वभूत मनोहरम् कहा। कृष्णदर्शन लालसा जैसे सत्य संकल्प का ऐसा अमोघ प्रताप है कि साधक किसी शरीर में जब साधना प्रारम्भ करता है तो सत्यात्मक परमात्मा स्वयं अपनी प्राप्ति का विधान बना देता है। साधना यदि कुछ शेष भी रह गई हो तो प्राणिमात्र को ईश्वर उसे स्वयं पूर्ण कर देता है।
श्रीमद्भागवत सप्ताह यज्ञ के पूर्वाह्न सत्र में यज्ञाचार्य पंडित आशीष तिवारी एवं प्रियव्रत शुक्ल ने मुख्य यजमान सुधा देवी व रमेश सिंह से वेदी पूजन व हवन कराया। भागवत परायण के मध्य श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। सायंकाल सत्र में कथा श्रवण आरती, भोग प्रसाद का क्रम चला। इस अवसर पर राधेमोहन सिंह, एकलव्य सिंह, राघव सिंह, कुंज द्विवेदी, वेद मिश्रा, बिंदू देवी, अखिलेश तिवारी, आराध्या, कात्या, सोनम, आर्या आदि सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
Post a Comment